आयुधानामहं वज्रं धेनूनामस्मि कामधुक् |
प्रजनश्चास्मि कन्दर्प: सर्पाणामस्मि वासुकि: || 28||
आयुधानाम्-शास्त्रों में; अहम्-मैं हूँ; वज्रम्-वज्रः धेनूनाम्-गायों में; अस्मि-हूँ; काम-धुक्-कामधेनू गाय; प्रजनः-सन्तान, उत्पत्ति का कारण; च-तथा; अस्मि-हूँ; कन्दर्पः-कामदेव; सर्पाणाम्-सर्पो में; अस्मि-हूँ; वासुकि:-वासुकि।
BG 10.28: शस्त्रों में मैं वज्र हूँ और गायों में कामधेनु हूँ। सन्तति के समस्त कारणों में मैं प्रेम का देवता कामदेव और सर्पो में वासुकि हूँ।
पुराणों में महान ऋषि दधीचि के बलिदान से संबंधित कथा का वर्णन मिलता है जोकि इतिहास में अनूठी है। स्वर्ग के राजा इन्द्र से एक बार वृत्रासुर नामक राक्षस ने स्वर्ग का राज्य छीन लिया। वृत्रासुर को प्राप्त वरदान के अनुसार उस समय उपलब्ध किसी भी शस्त्र से उसका वध नहीं किया जा सकता था। देवलोक नरेश इन्द्र हताश होकर भगवान शिव की शरण में गये और शिव देवलोक नरेश को भगवान विष्णु के पास ले गये। विष्णु भगवान ने बताया कि महर्षि दधीचि की अस्थियों से बने वज्र नामक शस्त्र से ही वृत्रासुर को मारा जा सकता है। इन्द्र ने तब महर्षि दधीचि से प्रार्थना की कि वे अपने प्राणों का बलिदान दें ताकि उनकी अस्थियों का प्रयोग वज्र बनाने के लिए किया जा सके। दधिची ने प्रार्थना स्वीकार तो कर ली लेकिन उससे पहले उन्होंने सभी पवित्र नदियों की तीर्थ यात्रा पर जाने की इच्छा व्यक्त की। इन्द्र तब सभी पवित्र नदियों का जल एक साथ ले आया ताकि महर्षि दधीचि बिना समय व्यर्थ किए अपनी अभिलाषा पूर्ण कर सकें। इसके पश्चात् महर्षि दधीचि ने यौगिक प्रक्रिया से अपने प्राण त्याग दिए। फिर दधीचि ऋषि की अस्थियों से वज्र नामक अस्त्र का निर्माण किया गया और उस हथियार का प्रयोग कर वृत्रासुर को पराजित करके इन्द्र ने अपना स्वर्ग का राज्य सिंहासन पुनः प्राप्त किया। इस श्लोक में श्रीकृष्ण ने जानबूझकर अपनी महिमा करने के लिए वज्र के नाम का उल्लेख किया है और इसे विष्णु भगवान के हाथों में सदैव धारण किए जाने वाली गदा और चक्र की अपेक्षा अधिक महत्व दिया है।
इस श्लोक में श्रीकृष्ण ने स्पष्ट किया है कि जब सम्भोग क्रिया सन्तान की उत्पत्ति के उद्देश्य से की जाती है तब उसे अपवित्र नहीं कहा जा सकता। कामदेव विपरीत लिंगों में आकर्षण उत्पन्न करने के दायित्व का निवर्हन करता है ताकि प्रजनन प्रक्रिया द्वारा सहज रूप से मानव जाति का अस्तित्व बना रहे। इस आकर्षण का मूल भगवान हैं और इसका प्रयोग कामुक आनन्द के लिए न करके केवल योग्य संतान की उत्पत्ति के लिए करना चाहिए। सातवें अध्याय के ग्यारहवें श्लोक में श्रीकृष्ण ने इसी प्रकार की घोषणा की थी कि वे ऐसे आकर्षण हैं जो सदाचरण और शास्त्रीय आज्ञाओं के विरुद्ध नहीं हैं।
आयुधानामहं वज्रं धेनूनामस्मि कामधुक् |
प्रजनश्चास्मि कन्दर्प: सर्पाणामस्मि वासुकि: || 28||
शस्त्रों में मैं वज्र हूँ और गायों में कामधेनु हूँ। सन्तति के समस्त कारणों में मैं प्रेम का देवता कामदेव …
Sign in to save your favorite verses.
Sign In
जिस ज्ञान की आप खोज कर रहे हैं, सीधे वहाँ पहुँचें
पवित्र भगवद्गीता के शाश्वत प्रेरणादायक ज्ञान से अपना दिन शुरू करें, जो सीधे आपके ईमेल पर पहुँचे!