Bhagavad Gita: अध्याय 3, श्लोक 9

यज्ञार्थात्कर्मणोऽन्यत्र लोकोऽयं कर्मबन्धन: |
तदर्थं कर्म कौन्तेय मुक्तसङ्ग: समाचर || 9||

यज्ञ-अर्थात्-यज्ञ के निमित्त किए जाने वाले कर्म; कर्मणः-कर्म की अपेक्षा; अन्यत्र-अन्यथा; लोक:-भौतिक संसार; अयम्-यह; कर्मबन्धनः-किसी के कर्मों के बन्धन; तत्-वह; अर्थम्-के लिए; कर्म-कर्म; कौन्तेय-कुन्तीपुत्र, अर्जुन; मुक्तसङ्ग:-आसक्ति रहित; समाचर-ध्यान से कार्य करना।

अनुवाद

BG 3.9: परमात्मा के लिए यज्ञ-स्वरूप में कर्मों का निष्पादन करना चाहिए अन्यथा कर्म बंधन का कारण बनेंगे। इसलिए हे कुन्तीपुत्र! भगवान के सुख के लिए और फल की आसक्ति के बिना अपने नियत कर्म करो।

भाष्य

डाकू हत्या करने के प्रयोजन से चाकू का प्रयोग करता है जबकि एक सर्जन उसी चाकू का प्रयोग एक उपकरण के रूप में लोगों का जीवन बचाने के लिए करता है। यह चाकू स्वयं न तो किसी की हत्या करता है और न ही किसी के जीवन की रक्षा करता है। इसका इसके प्रयोग करने के प्रयोजन से ज्ञात होता है। जैसा कि शेक्सपीयर ने कहा है-"कोई भी कर्म बुरा या अच्छा नहीं होता किन्तु हमारी सोंच इन्हें ऐसा बनाती है।" इसी प्रकार से कर्म अपने आप में शुभ या अशुभ नहीं होता। मनुष्य की मनोदशा के अनुसार यह बंधन या उत्थान का कारण हो सकता है।

इन्द्रिय सुख और अपने अहम् की तुष्टि के लिए किया गया कार्य भौतिक संसार में बंधन का कारण होता है और भगवान के सुख के लिए यज्ञ के रूप में किया गया कर्म माया के बंधनों से मुक्त करता है तथा भगवान की दिव्य कृपा प्राप्त कराता है। क्योंकि कर्म करना हमारी प्रकृति है अतः हम इन दो प्रकार के कार्यों में से किसी एक को करने के लिए बाध्य होते हैं। हम एक क्षण के लिए भी अकर्मा नहीं रह सकते क्योंकि हमारा मन खाली नहीं रह सकता। अगर कोई भी कार्य हम भगवान को अर्पण किए बिना करते हैं तब हम अपने मन और इन्द्रियों की तुष्टि के लिए कार्य करने के लिए विवश होंगे। जब हम किसी कार्य को समर्पण की भावना से सम्पन्न करते हैं तब हम यह पाते हैं कि यह सारा संसार और उसमें व्याप्त सभी वस्तुएँ भगवान से संबंधित हैं और उनका उपयोग भगवान की सेवा के लिए ही है। भगवान राम के पूर्वज राजा रघु द्वारा इसका उच्च आदर्श स्थापित किया गया। रघु ने विश्वजित् यज्ञ का अनुष्ठान किया जिसमें अपने स्वामित्व की सभी वस्तुएँ और धन संपदा की परोपकार के लिए दान में देना आवश्यक होता है।

स विश्वजितम् आजह्वे यज्ञं सर्वस्व दक्षिणम्।

आदानं हि विसर्गाय सतां वारिमुचाम् इव।। 

(रघुवंश-4.86)

 "रघु ने इसी भावना से यज्ञ किया। जिस प्रकार बादल पृथ्वी से अपने सुख के लिए जल एकत्रित नहीं करते अपितु वर्षा के रूप में उसे पृथ्वी को लौटा देते हैं। इसी प्रकार राजा द्वारा जनता से कर के रूप में इकट्ठा की गयी धन सम्पदा उसके सुख के लिए नहीं होती अपितु प्रजा तथा भगवान के सुख के लिए होती है। इसलिए उन्होंने अपनी धन सम्पदा को भगवान के सुख के लिए अपने नागरिकों की सेवा में अर्पित करने का निर्णय लिया।" यज्ञ के पश्चात् रघु ने अपनी सारी सम्पत्ति अपनी प्रजा को दान में दे दी और फिर वह भिखारी के भेष में मिट्टी का पात्र उठाकर भिक्षा के लिए निकल पड़े। जब वह एक वृक्ष के नीचे विश्राम कर रहे थे, तब उन्होंने कुछ लोगों द्वारा किए जा रहे इस वार्तालाप को सुना-"हमारा राजा अत्यंत परोपकारी है। राजा ने अपना सर्वस्व दान कर दिया।" रघु को अपनी प्रशंसा सुनकर दुःख हुआ और वह बोले-"तुम क्या चर्चा कर रहे हो?" उन्होंने उत्तर दिया-"हम अपने राजा का गुणगान कर रहे हैं। हमारे राजा जैसा दानी इस संसार में कोई दूसरा नहीं है।" रघु ने कहा-"पुनः ऐसा न कहना। रघु ने कुछ भी दान नहीं किया।" तब उन्होंने कहा, "तुम किस प्रकार के मनुष्य हो जो हमारे राजा की बुराई कर रहे हो? सभी जानते हैं कि रघु ने जो भी अर्जित किया वह सब दान में दे दिया।" रघु ने उत्तर दिया-"जाओ और अपने राजा से पूछो कि जब वह संसार में आया था तब उसके पास क्या था? क्या उसने खाली हाथ जन्म नहीं लिया? आख़िर उसका क्या था जिसका उसने त्याग कर दिया?" यही कर्मयोग है जिससे हमें यह ज्ञात होता है कि समस्त संसार भगवान का है और यहाँ का सब कुछ भगवान को संतुष्ट करने के निमित्त है, तभी हम अपने कर्तव्यों का निर्वहन अपने मन और इन्द्रियों की तुष्टि के लिए न करके केवल भगवान के सुख के लिए करते हैं। 

भगवान विष्णु ने प्रचेताओं को इस प्रकार से उपदेश दिया।

गृहेष्वाविशतां चापि पुंसां कुशलकर्मणाम् । 

मद्वार्तायातयामानां न बन्धाय गृहा मता।। 

(श्रीमद्भागवतम्-4.30.19)

"सच्चे कर्मयोगी अपनी गृहस्थी के कार्यों को पूरा करते हुए अपने सभी कार्यों को मेरे यज्ञ के रूप में करते हैं और मुझे ही सभी कर्मों का भोक्ता मानते हैं। उन्हें जब भी खाली समय मिलता है, तब उस समय वे मेरी महिमा का श्रवण एवं गान करते हैं। ऐसे मनुष्य संसार में रहते हुए कभी भी अपने कर्मों के बंधन में नहीं फंसते।"

Bookmark this Verse

Sign in to save your favorite verses.

Add a Note
Swami Mukundananda
3. कर्मयोग

किसी भी श्लोक पर तुरंत जाएँ

जिस ज्ञान की आप खोज कर रहे हैं, सीधे वहाँ पहुँचें

Book with feather

अपनी गीता प्राप्त करें

Bhagavad Gita — The Song of God भगवद्गीता
The Song of God
Order Now
Bhagavad Gita for Everyday Living Bhagavad Gita for
Everyday Living
Order Now

जुड़े रहें!

आज का श्लोक

पवित्र भगवद्गीता के शाश्वत प्रेरणादायक ज्ञान से अपना दिन शुरू करें, जो सीधे आपके ईमेल पर पहुँचे!

"धन्यवाद! हमने आपको ईमेल लिस्ट में जोड़ लिया है।

Get Your Own Gita
Bhagavad Gita — The Song of God

भगवद्गीता
The Song of God

Order Now
Bhagavad Gita for Everyday Living

Bhagavad Gita for Everyday Living

Order Now
What's New in
Holy Bhagavad Gita
  • Redesigned home, verse, and chapters pages
  • Personal accounts — sign in with email, phone, or Google
  • Bookmark verses and save notes on any verse
  • Track your reading progress across all 18 chapters
  • Quick-jump to any verse
  • Full site now available in all 6 languages
  • Overall visual polish and consistency